Home विषयजाति धर्मईश्वर भक्ति वाल्मीकि रामायण युद्धकाण्ड भाग 107
द्विविद ने एक बड़ा पर्वत उठाकर कुम्भकर्ण की ओर फेंका। वह उस राक्षस तक नहीं पहुँचा, किन्तु उसकी सेना पर जाकर गिरा और उसने अनेक घोड़ों, हाथियों व राक्षसों को कुचल डाला। इससे कुपित होकर राक्षस-सेना के रथियों ने भी अपने भयंकर बाणों से वानरों को मारना आरंभ कर दिया।
उधर हनुमान जी आकाश में उड़कर कुम्भकर्ण के सिर पर शिलाओं और वृक्षों की वर्षा करने लगे। परन्तु उसने अपने शूल से उन सबको काट डाला। फिर वह वानर सेना पर आक्रमण करने लगा। इससे कुपित होकर हनुमान जी ने कुम्भकर्ण पर बहुत वेग से प्रहार किया। उनकी मार से वह व्याकुल हो उठा। उसका सारा शरीर रक्त से नहा गया। फिर भी उसने अपने शूल को तेजी से घुमाकर हनुमान जी की छाती पर वार कर दिया। इस चोट से हनुमान जी व्याकुल हो गए और रक्त वमन करने लगे। अपनी पीड़ा के कारण उन्होंने भयंकर आर्तनाद किया और उन्हें पीड़ित देखकर राक्षसों के हर्ष की सीमा न रही। भयभीत वानर फिर एक बार युद्ध छोड़कर भागने लगे।
तब वानरों का उत्साह बढ़ाने के लिए नील ने कुम्भकर्ण पर एक पर्वत शिखर फेंका। उसे कुम्भकर्ण ने अपने मुक्के से चूर-चूर कर डाला। इसके बाद ऋषभ, शरभ, नील, गवाक्ष और गन्धमादन पाँचों मिलकर कुम्भकर्ण पर टूट पड़े। उसे चारों ओर से घेरकर वे पर्वतों, वृक्षों, थप्पड़ों और लात-घूँसों से उसे मारने लगे। उनके भीषण से भीषण प्रहार भी कुम्भकर्ण के लिए इतने हल्के थे, मानो कोई उसे छू भर रहा हो। उसे इनसे कोई पीड़ा नहीं हुई।
तभी सहसा उसने महावेगशाली वानर ऋषभ को अपनी दोनों भुजाओं में जकड़ लिया। इससे दबकर पीड़ित ऋषभ अपने मुँह से खून उगलने लगा और पृथ्वी पर गिर पड़ा। फिर कुम्भकर्ण ने शरभ को मुक्के से मारा, नील को घुटने से रगड़ दिया और गवाक्ष को थप्पड़ से गिरा दिया। गन्धमादन को भी उसने बड़े क्रोध से लात मार दी। वे सब वानर उसके प्रहारों से व्यथित हो गए एवं रक्त से नहा उठे। मूर्छित होकर वे सब भूमि पर गिर पड़े।
यह देखकर हजारों क्रोधित वानर एक साथ कुम्भकर्ण पर टूट पड़े। वे सब उछल-उछलकर उसके शरीर पर चढ़ गए और अपने नखों, दाँतों, मुक्कों और हाथों से उसे मारने लगे। लेकिन इससे भी विचलित हुए बिना वह उन सबको पकड़-पकड़कर खाने लगा। अनेक वानरों को उसने घायल कर डाला और उन्हें कुचलता हुआ युद्धभूमि में इधर-उधर टहलने लगा।
उसके पराक्रम से भयभीत होकर वानर अब श्रीराम की शरण में भागे। उन्हें फिर भागता देखकर अब अंगद ने एक विशाल पर्वत-शिखर अपने हाथों में उठा लिया और कुम्भकर्ण के माथे पर दे मारा। उसकी चोट से कुम्भकर्ण का क्रोध और भी बढ़ गया व उस प्रहार को सहन न कर पाने के कारण वह कुपित होकर अंगद की ओर दौड़ा।
बड़े जोर से ललकारते हुए उसने अंगद पर अपने शूल से प्रहार किया, लेकिन चपल अंगद ने फुर्ती से एक ओर हटकर स्वयं को बचा लिया। साथ ही बड़े वेग से उछलकर अंगद ने उस निशाचर की छाती पर एक थप्पड़ मार दिया। उस प्रहार से घायल होकर कुम्भकर्ण अचेत हो गया व भूमि पर गिर पड़ा। थोड़ी देर में होश आने पर उसने भी बायें हाथ के मुक्के से अंगद पर प्रहार करके उसे बेहोश कर दिया।
अंगद के अचेत हो जाने पर कुम्भकर्ण अब अपना शूल उठाकर सुग्रीव की ओर दौड़ा। तब सुग्रीव ने एक पर्वत शिखर उठा लिया और उसे घुमाकर कुम्भकर्ण पर धावा बोल दिया। उसके प्रहार से कुम्भकर्ण की छाती पर गहरी चोट लगी, किन्तु उस राक्षस से टकराकर वह शिखर भी चूर-चूर हो गया।
अब कुम्भकर्ण ने सुग्रीव को मारने के लिए अपना पैना शूल घुमाकर सुग्रीव की ओर बड़े वेग से फेंका। उसके हाथ से फेंके गए उस भयंकर शूल को हनुमान जी ने उछलकर हवा में ही पकड़ लिया और अपने घुटनों में लगाकर एक ही क्षण में तोड़ डाला। यह देखकर वानर हर्ष से चिल्लाने लगे और राक्षस भय से थर्रा उठे।
अपने शूल को इस प्रकार टूटा हुआ देखकर कुम्भकर्ण को बड़ा क्रोध आया। उसने मलय पर्वत का एक शिखर उठाकर सुग्रीव पर दे मारा। उससे आहत होकर सुग्रीव की सुध-बुध खो गई और वह अचेत हो गया। यह देखकर सब निशाचर बड़े प्रसन्न हुए और युद्धभूमि में गर्जना करने लगे।
कुम्भकर्ण ने मूर्च्छित सुग्रीव को उठा लिया और वह लंका की ओर लौट गया। युद्ध-स्थल में सभी राक्षस उसकी स्तुति कर रहे थे। जैसे ही उसने लंका में प्रवेश किया, तो सारे लंकावासी अपने-अपने घरों की छत से फूलों की वर्षा करते हुए उसकी जयजयकार करने लगे। उनके द्वारा कुम्भकर्ण पर छिड़के गए चन्दनयुक्त जल की शीतलता के कारण सुग्रीव को भी धीरे-धीरे होश आ गया। कुम्भकर्ण की भुजाओं में दबे सुग्रीव ने होश में आते ही सहसा अपने हाथ के तीखे नखों से कुम्भकर्ण के दोनों कान नोच दिए, दाँतों से उसकी नाक काट ली और पैर के नखों से उसकी पसलियाँ फाड़ डालीं।
इस प्रकार विदीर्ण हो जाने से कुम्भकर्ण का सारा शरीर लहूलुहान हो गया और क्रोधित होकर उस राक्षस ने सुग्रीव को घुमाकर भूमि पर पटक दिया। फिर वह सुग्रीव को जमीन पर रगड़ने लगा और सब राक्षस चारों ओर से सुग्रीव को मारने लगे। तभी अचानक सुग्रीव ने गेंद के समान उछलकर फुर्ती से छलांग लगाई और वह आकाश-मार्ग से श्रीराम के पास लौट आया।
अपनी नाक-कान से बहती रक्त की धाराओं के कारण अब महाकाय कुम्भकर्ण और भी भयानक दिखाई दे रहा था। सुग्रीव के निकल भागने पर अपमानित होकर वह भी पुनः युद्ध-भूमि की ओर दौड़ पड़ा। अब उसके हाथ में कोई हथियार नहीं था, अतः उसने एक बहुत बड़ा मुद्गर उठा लिया।
इतनी देर के युद्ध से वह बहुत अधिक थक गया था और उसे भूख सताने लगी थी। भीषण भूख के कारण उसने युद्धभूमि में पहुँचने पर वानरों और भालुओं के साथ ही राक्षसों व पिशाचों को भी खाना आरम्भ कर दिया। जो भी सामने आ जाए, उसी को पकड़कर वह खाने लगा। इससे भयभीत होकर सब वानर फिर अपनी रक्षा के लिए श्रीराम की शरण में भागे।
तब लक्ष्मण ने आगे बढ़कर कुम्भकर्ण के शरीर में सात बाण मार दिए। कुम्भकर्ण ने उन सबको निष्फल कर दिया। अब क्रोधित होकर लक्ष्मण ने कुम्भकर्ण के पूरे कवच को ही बाणों से ढक दिया। तब उनका तिरस्कार करते हुए कुम्भकर्ण बोला, “लक्ष्मण! मैं युद्ध में यमराज को भी परास्त कर सकता हूँ। तुम तो मेरे सामने एक बालक के समान हो। फिर भी तुमने जिस प्रकार निर्भय होकर युद्ध किया, तुम्हारा यह पराक्रम देखकर मैं बहुत संतुष्ट हूँ। अब मुझे तुम राम के पास जाने दो। मैं केवल राम को मारना चाहता हूँ क्योंकि उसके बाद सारी वानर-सेना वैसे ही पराजय को मान लेगी।”
यह सुनकर लक्ष्मण ने हँसते हुए कहा, “कुम्भकर्ण! तेरा पराक्रम तो मैंने देख ही लिया। वे रहे दशरथनन्दन श्रीराम, जो पर्वत के समान अविचल भाव से खड़े हैं। जा, उन्हें भी अपना पराक्रम दिखाकर तू अपनी यह इच्छा भी पूरी कर ले।”
तब लक्ष्मण की उपेक्षा करता हुआ कुम्भकर्ण आगे बढ़ गया। उसे आते देख श्रीराम ने रौद्रास्त्र का प्रयोग करके उसके हृदय में अनेक पैने बाण मारे। उनसे घायल होकर कुम्भकर्ण क्रोध से गर्जना करता हुआ श्रीराम की ओर दौड़ा। श्रीराम के बाणों में मोर पंख लगे हुए थे, जो कुम्भकर्ण की छाती में धँस गए। इससे व्याकुलता के कारण उसके हाथों से मुद्गर भी छूटकर गिर गया। कोई हथियार न होने पर अब उसने एक भयंकर पर्वत शिखर उठाया और उसी को घुमाकर श्रीराम पर चला दिया। परन्तु श्रीराम ने अपने धनुष से सात बाण मारकर बहुत दूर से ही उस पर्वत के टुकड़े कर डाले। इससे कुम्भकर्ण का क्रोध और बढ़ गया।
अब श्रीराम ने कुम्भकर्ण पर अपना आक्रमण और तेज कर दिया। उन्होंने वायव्यास्त्र का संधान करके उसे कुम्भकर्ण पर चलाया और उसकी दाहिनी भुजा काट डाली। फिर उन्होंने एक बाण को ऐन्द्रास्त्र से अभिमन्त्रित किया और उससे कुम्भकर्ण की दूसरी भुजा भी काट डाली। अब वह राक्षस आर्तनाद करता हुआ श्रीराम की ओर दौड़ पड़ा। यह देखकर श्रीराम ने दो अर्धचन्द्राकार बाण चलाए और उसके दोनों पैर भी काट दिए।
दोनों हाथ-पैर कट जाने पर भी वह राक्षस अपने विकराल मुँह को फैलाकर श्रीराम को ग्रसने के प्रयास में लग गया। तब श्रीराम ने अपने तीखे बाणों से उसका मुँह भर दिया। इतने आक्रमणों से आहत होकर अंततः वह मूर्च्छित होकर गिर पड़ा।
अब श्रीराम ने काल के समान तीखा, सूर्य के समान चमकीला, इन्द्रास्त्र से अभिमन्त्रित एक स्वर्णभूषित बाण अपने हाथ में लिया और उस निशाचर की ओर लक्ष्य करके छोड़ दिया। वज्र के समान भयंकर वेग वाले उस शक्तिशाली बाण ने कुम्भकर्ण के सिर को ही धड़ से अलग कर दिया। वह कटा हुआ सिर उस बाण के वेग से लंका में जाकर गिरा। उसके धक्के से अनेक मकान धराशायी हो गए। कुम्भकर्ण का धड़ भी जाकर समुद्र के जल में गिर पड़ा और सागर में रहने वाले जीवों को कुचलता हुआ समुद्र तल में समा गया।
इस भयानक राक्षस का नाश हो जाने से वानरों को बड़ी प्रसन्नता हुई और वे हर्षित होकर नाचने लगे। जो बड़े-बड़े युद्धों में भी कभी पराजित नहीं हुआ था, उस कुम्भकर्ण की मृत्यु देखकर रावण के सैनिकों में भय फैल गया और वे घबराकर जोर-जोर से रोने-कलपने लगे।
आगे जारी रहेगा….
(स्रोत: वाल्मीकि रामायण। युद्धकाण्ड। गीताप्रेस)

Related Articles

Leave a Comment