Home नया IPL – रिंकू सिंह के 5 छक्के की मदद से कोलकाता ने गुजरात को हराया

IPL – रिंकू सिंह के 5 छक्के की मदद से कोलकाता ने गुजरात को हराया

by Praarabdh Desk
151 views
यूपी के शेर रिंकू सिंह ने 20वें ओवर की अंतिम 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाकर कोलकाता को मैच जिता दिया है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 204 रन बनाए थे। रिंकू ने अपनी पारी में जो अंतिम 7 गेंदें खेली, उसमें 40 रन जड़े। 6 छक्के और 1 चौका…! 205 के टारगेट के जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स के इंपैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंद पर 8 चौकों और 5 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 83 रन ठोक दिए। लगा कि कोलकाता आसानी से बाजी मार जाएगी, लेकिन फिर खान साहब ने खेल पलट दिया।
राशिद खान ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर आंद्रे रसेल, दूसरी गेंद पर सुनील नरेन और तीसरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर को चलता कर दिया। यहां से कोलकाता के जीतने की उम्मीद 0% थी क्योंकि जीत के लिए अभी भी 21 गेंद पर 50 रन बनाने थे। उसके सिर्फ 3 विकेट बाकी बचे थे। जिस पल में कोलकाता के लगभग क्रिकेट फैंस ने अपना टीवी बंद कर दिया था और अपनी टीम से खासे निराश नजर आ रहे थे, वहां से रिंकू सिंह ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा कारनामा कर दिया। वो काम जो क्रिस गेल, विराट कोहली और एबी डिविलियर्स भी नहीं कर सके।
यश दयाल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जाता है। उन्होंने पिछले सीजन गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसलिए भरोसे के साथ कप्तान राशिद खान ने यश दयाल के हाथ में गेंद सौंप दी। रिंकू सिंह ने राशिद खान के भरोसे को चकनाचूर कर दिया। अंतिम ओवर की दूसरी गेंद फुल टॉस आउटसाइड ऑफ…. नतीजा एक्स्ट्राकवर के ऊपर से छक्का। तीसरी गेंद पैड्स पर फुल टॉस और परिणाम स्क्वायर लेग बाउंड्री के ऊपर से छक्का। चौथी गेंद फिर से फुलटॉस और इस बार लॉन्गऑफ बाउंड्री के ऊपर से सिक्सर। पांचवीं गेंद बैक ऑफ द हैंड से स्लोअर और बदले में इंतजार करके लॉन्ग ऑन बाउंड्री के ऊपर से गगनचुंबी छक्का। अब जीतने के लिए 1 गेंद पर 4 रन बाकी बचे थे।
इस एक गेंद पर सारी मेहनत जाया हो सकती थी। अंतिम गेंद फिर से एक दफा धीमी शॉर्ट बॉल और बदले में डाउन द ग्राउंड छक्का। रिंकू सिंह ने इतिहास रच दिया। आईपीएल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ, जब किसी बल्लेबाज ने अंतिम 5 गेंदों पर 5 छक्के लाकर टारगेट चेज कर दिया। जो गुजरात राशिद खान के हैट्रिक के बाद जीत का जश्न मना रहा था, वह गम के समंदर में डूब गया। रिंकू सिंह ने आईपीएल इतिहास की सबसे यादगार पारी खेल दी। जूही चावला की मुस्कुराहट रिंकू सिंह की बदौलत कायम रही। यह पारी आने वाले कई वर्षो तक याद की जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment