Home नया कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स, बेंगलुरु को 81 रनों से हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स, बेंगलुरु को 81 रनों से हराया

by Praarabdh Desk
138 views
कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स, बेंगलुरु को 81 रनों से हरा दिया है। 205 के लक्ष्य के सामने RCB की टीम 17.4 ओवर में 123 पर ऑल आउट हो गई। कोलकाता के ईडन गार्डंस में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 11.3 ओवरों में सिर्फ 89 के स्कोर पर KKR के चोटी के 5 बल्लेबाजों को वापस लौटा दिया था। कर्ण शर्मा का शिकार होने से पहले गुरबाज ने 44 गेंद पर 57 रन बनाए थे। वेंकटेश अय्यर को 3 के निजी स्कोर पर और मनदीप सिंह को बगैर खाता खोले डेविड विली ने बोल्ड कर दिया। कप्तान नीतीश राणा 1 के व्यक्तिगत स्कोर पर माइकल ब्रेसवेल का शिकार बने। हालात देखकर ऐसा लग रहा था कि KKR के लिए बहुत कठिन है डगर पनघट की!
कर्ण शर्मा के 12वें ओवर की तीसरी गेंद स्लॉट में थी। आंद्रे रसेल अभी-अभी मैदान पर आए थे लेकिन उन्होंने बल्ला चला दिया। ठीक से गेंद बल्ले पर आई नहीं और लॉन्गऑफ की दिशा में विराट ने शानदार कैच पकड़ लिया। रसेल स्टॉर्म पहली ही गेंद पर बगैर खाते खोले थम गया। 11.3 ओवर में 89 पर 5 आउट से 19 ओवर में 192 पर छठा विकेट गिरना। विपरीत परिस्थितियों में 45 गेंद पर 103 रन की पार्टनरशिप। रिंकू सिंह और शार्दुल ठाकुर के बीच बनी यह साझेदारी आईपीएल इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पार्टनरशिप्स में टॉप 3 में जरूर आएगी। लॉर्ड शार्दुल ने 29 गेंद पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 68 रन बना दिए।
इस सीजन के लिए कोलकाता की टीम ने शार्दुल को दिल्ली से ट्रेड कर शामिल किया था। लॉर्ड ने उस फैसले को पूरी तरह सही साबित कर दिखाया। रिंकू सिंह ने 33 गेंद पर 2 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। कुलमिलाकर 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर स्कोरबोर्ड 204 रन पहुंच गया। बदले में बेंगलुरु की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। 5 ओवर खत्म होने से पहले ही बगैर विकेट खोए 44 रन स्कोरबोर्ड पर लग गए। सुनील नरेन ने 5वें ओवर की पांचवीं ऑफब्रेक बॉल पर विराट कोहली को 21 के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया।
छठे ओवर की दूसरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने कुछ इसी अंदाज में फाफ डु प्लेसिस को भी बोल्ड कर दिया। हालांकि फर्क यह रहा कि फाफ के बल्ले का अंदरूनी किनारा लगते हुए गेंद विकेट से जा टकराई। फाफ 12 गेंद पर 23 रन बनाकर लौटे और उसके बाद कोलकाता के स्पिनर्स के सामने बेंगलुरु की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। सुनील नरेन ने 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। सुयश शर्मा ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 सफलता पाई। वरुण चक्रवर्ती ने 3.4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। 1 विकेट शार्दुल ठाकुर के हिस्से में आया। RCB के 10 में से 9 विकेट स्पिनर्स ने चटकाए। होमग्राउंड पर कोलकाता का प्रदर्शन देखकर उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Comment