Home विषयखेल खिलाडी कुछ रिश्ते क्रिकेट फील्ड पर बनते हैं

कुछ रिश्ते क्रिकेट फील्ड पर बनते हैं

by Praarabdh Desk
193 views
कुछ रिश्ते क्रिकेट फील्ड पर बनते हैं लेकिन जिंदगी भर साथ चलते हैं। यह IPL 2023 की सबसे भावुक कर देने वाली तस्वीर है। CSK पहली दफा चिन्ना थाला के बगैर गढ़ चेपॉक में उतरी थी। इस दौरान IPL इतिहास में सुरेश रैना के बाद सबसे कम गेंदें खेलकर 5,000 पूरे करने वाले महेंद्र सिंह धोनी दूसरे बल्लेबाज बन गए। एक तरफ जहां रैना ने 3619 गेंदें खेलकर यह कीर्तिमान छुआ था, तो वहीं माही ने 3691 गेंदें खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। तस्वीर लखनऊ सुपरजायंट्स पर चेन्नई को मिली 12 रनों से जीत के बाद की है। सुरेश रैना बतौर कमेंटेटर मुकाबले का सूरत-ए-हाल बयां कर रहे थे। मैच के बाद इन दोनों खिलाड़ियों के मिलन ने तमाम फैंस को गुजरे वक्त की याद दिला दी। आज भी थाला और चिन्ना थाला की जोड़ी विश्व क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ है।
अक्सर खिलाड़ियों की शिकायत रहती है कि महेंद्र सिंह धोनी अपनी ही धुन में रहते हैं और कभी किसी का फोन रिसीव नहीं करते। सुरेश रैना ने हालिया इंटरव्यू में बताया था कि माही हमेशा उनका फोन उठाते हैं और क्रिकेट की अपनी रणनीतियां बताते हैं। यहां तक कि आईपीएल शुरू होने से पहले भी दोनों लगातार संपर्क में बने हुए थे। उस वक्त माही फिटनेस पर खूब सारी मेहनत कर रहे थे, ताकि आने वाले सीजन में कमाल कर सकें। महेंद्र सिंह धोनी ने जब 15 अगस्त 2019 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था, उसके चंद घंटों बाद ही रैना ने भी संन्यास ले कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। यह अपने आप में दोनों खिलाड़ियों के बीच का रिश्ता बताने को काफी है।
लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ बैक टू बैक 2 गेंद पर 2 छक्के लगाकर महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में 5,000 रन पूरे किए। वह ऐसा करने वाले सिर्फ 7वें खिलाड़ी हैं। माही ने IPL के 20वें ओवर में 277 गेंद खेली हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 49 चौके और 55 छक्के आए हैं। महेंद्र सिंह धोनी के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज यह कारनामा नहीं कर सका। जिस वक्त लखनऊ के खिलाफ धोनी अंतिम ओवर में बैटिंग करने आए, उस वक्त सिर्फ जिओ सिनेमा के जरिए ही 1.70 करोड़ लोग मैच लाइव देख रहे थे। इस सीजन में पहली दफा ऑनलाइन व्यूअरशिप का आंकड़ा इतना ज्यादा पहुंचा। इधर धोनी छक्के लगा रहे थे और उधर सुरेश रैना कमेंट्री करते हुए दर्शकों तक का आंखों-देखा हाल पहुंचा रहे थे।
महामारी के दौर के कारण 1426 दिन के बाद चेपॉक का शेर वापस लौट रहा था और ऐसे में पब्लिक खासी बेकरार थी। 20वें ओवर की पहली गेंद पर जडेजा आउट हुए और 203 के स्कोर पर चेन्नई को छठा झटका लगा। स्टेडियम में मौजूद दर्शक इस विकेट से खुश थे क्योंकि अंतिम 5 गेंदें खेलने उनका माही मैदान पर जा रहा था। धोनी के लिए भी अपने लोगों के बीच काफी दिनों बाद जौहर दिखाने का मौका आया था। 148 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ स्पीडस्टार मार्क वुड ने महेंद्र सिंह धोनी को ऑफ स्टंप के बाहर विड्थ ऑफर कर दी। माही ने करारा प्रहार किया और गेंद थर्ड मैन सीमा रेखा पार छक्के के लिए चली गई। दर्शकों के शोर से लगा कि आज हर हाल में आसमान जमीन पर आ गिरेगा।
स्टेडियम में चारों तरफ लोग अपने मोबाइल के टॉर्च लाइट जलाकर क्रिकेट के सबसे बड़े धुरंधर का इस्तकबाल कर रहे थे। अगली गेंद वुड ने शॉर्ट बॉल डाली और धोनी ने खूबसूरत पुल शॉट के जरिए स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर 92 मीटर का छक्का लगा दिया। यह गेंद भी लगभग 147 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली गई थी। दूसरे छक्के के साथ धोनी के 5,004 IPL रन हो गए। हैट्रिक छक्का जड़ने के प्रयास में माही जरूर डीप कवर्स पर कैच दे बैठे, लेकिन दर्शकों का ख्वाब पूरा हो चुका था। दिलचस्प रहा कि माही ने 3 गेंद पर 400 की स्ट्राइक रेट से जो 12 रन बनाए, उन्हीं 12 रनों से CSK ने लखनऊ के खिलाफ अंत में जीत हासिल की।
सुरेश रैना ने सीजन शुरू होने से पहले ही कहा था कि यह महेंद्र सिंह धोनी का अंतिम आईपीएल नहीं है। माही की फिटनेस शानदार है और वह नेट्स पर जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऐसे में महेंद्र सिंह धोनी हमें अगले साल भी आईपीएल खेलते हुए नजर आएंगे। सुरेश रैना की बातें बिल्कुल सच साबित हो रही हैं। माही की विकेट के पीछे फुर्ती और बल्लेबाजी में बड़े शॉट खेलने की क्षमता अभी भी बरकरार है। इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने के बाद अगले साल भी फैंस को ग्राउंड पर क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर महेंद्र सिंह धोनी का इंतजार है। माही कहीं नहीं जाएगा…! वह अगले साल भी बल्ले से भौकाल मचाएगा।

Related Articles

Leave a Comment