Home UncategorizedPraarabdh Desk नाम शुभ्मन गिल.

नाम शुभ्मन गिल.

by Praarabdh Desk
234 views
नाम शुभ्मन गिल…! उपलब्धि… वनडे क्रिकेट के इतिहास में डबल सेंचुरी जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 149 गेंदों पर ताबड़तोड़ 208 रन। 19 क्लासिकल चौके और 9 गगनचुंबी छक्के। गिल 137 गेंदों में 169* रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपनी खेली 11 गेंदों में 6 छक्के मारकर दोहरा शतक पूरा कर लिया। ऐसा इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। 182* के बाद तो इस धुआंधार सलामी बल्लेबाज ने हैट्रिक छक्के उड़ा कर डबल सेंचुरी अपने नाम की। 23 साल के शुभ्मन गिल के वनडे आंकड़ों पर नजर डालिए! रन- 1102, गेंदें- 1011, बेस्ट स्कोर – 208, एवरेज – 68. 88, स्ट्राइक रेट – 109, शतक- 3 और अर्धशतक 5। जुबान पर सिर्फ एक शब्द आता है.. अविश्वसनीय।
आप गिल की खौफनाक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि 50 ओवरों की समाप्ति के बाद टीम इंडिया ने 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए। इसमें 13 रन एक्स्ट्रा थे। बाकी बल्लेबाजों ने 151 गेंदें खेलकर 128 रन बनाए। इस पारी की सबसे बड़ी विशेषता यह कि गिल अब 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए बतौर ओपनर खेलते नजर आएंगे। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद में जैसे ही भारत ने टॉस जीता, शुभमन गिल ने मौके का भरपूर फायदा उठाने की ठान ली। दूसरे ओवर की तीसरी गेंद लॉकी फर्ग्यूसन ने शॉर्ट डाली। बैकफुट से ही जज करते हुए कवर की दिशा में गजब का कट शॉट। इस 1 चौके से समझ आ गया था कि आज शुभ्मन गिल दिल जीतने के लिए मैदान पर उतरे हैं। फर्ग्यूसन के चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर भी गिल के बल्ले का किनारा लेकर गेंद सीमा रेखा के बाहर चौके के लिए चली गई। छठे ओवर की अंतिम गेंद आउटसाइड ऑफ फुल लेंथ की थी। फर्ग्यूसन की इस गेंद पर गिल ने क्रंची कवर ड्राइव खेला। गोली की रफ्तार से गेंद सीमा रेखा पार।
नवें ओवर की तीसरी गेंद तेज गेंदबाज टिकनर ने शॉर्ट पिच डाली। मिडविकेट की दिशा में पुल शॉट पर चौका। अगली गेंद पर सेम शॉट रिपीट हुआ। लगा कि साझेदारी लंबी चलेगी लेकिन 13वें ओवर की पहली गेंद पर टिकनर ने हिटमैन को चलता कर दिया। लगा कि रन रेट में गिरावट आएगी लेकिन मिचेल सैंटनर के 14वें ओवर की पहली गेंद डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में चौके के लिए खेलने के बाद चौथी बॉल पर गेंद की पिच तक पहुंचकर गिल ने 2 बाउंड्री हासिल कर ली। 15वें ओवर में शिपले के खिलाफ भी गिल ने 2 चौके जड़े। चौथी गेंद मिडविकेट की दिशा में और पांचवीं फुल लेंथ गेंद मिड डॉन के ऊपर से। अब इतना समझ आ गया था कि शुभ्मन गिल आज पूरे रंग में हैं और किसी भी सूरत में गिव अप नहीं करेंगे। इसी बीच 16वें ओवर में मिचेल सैंटनर ने विराट कोहली को बोल्ड कर दिया। मैदान में मातमी सन्नाटा पसर गया लेकिन शुभ्मन गिल डटे रहे।
उन्होंने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ब्रेसवेल को
स्लॉग स्वीप में छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया। फिर 20वें ओवर में फर्ग्यूसन की दूसरी गेंद क्रॉस सीम से शॉर्ट पिच। पूरे स्वैग के साथ स्क्वायर लेग पर चौके वाला पुल शॉट। इसी बीच ईशान किशन मिडिल ऑर्डर में आकर वापस लौट गए लेकिन शुभ्मन गिल रन बनाते जा रहे थे। 21वें ओवर की पहली गेंद पर ब्रेसवेल को लेग ग्लांस पर शुभ्मन ने बाउंड्री हासिल कर ली। 24वें ओवर की दूसरी फुल लेंथ गेंद पर मिड ऑन और मिडविकेट के बीच से गिल ने गजब का शॉट खेला। चौका तो बल्ले से लगते ही मानो गेंद पर लिखा गया। 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिल ने आगे आकर मिचेल की गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजा। रही सही कसर 28वें ओवर में सैंटनर की शॉर्ट पिच गेंद को पुल करके चौका बटोर कर हासिल कर ली। गिल के शतक का इंतजार था और सैंटनर के 30वें ओवर की दूसरी गेंद डीप मिडविकेट आसमान में। छक्के के बाद गिल 99 पर पहुंच चुके थे। उन्होंने समझदारी से सिंगल लेकर बैक टू बैक वनडे सेंचुरी पूरी कर ली।
इसके बाद उन्होंने खेल छोड़कर खिलवाड़ पर ध्यान लगाया। सैंटनर के 32वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डाउन द ग्राउंड आकर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चौका। फिर टिकनर के 33वें ओवर की चौथी गेंद को मिड ऑन और मिड विकेट के बीच से चौके के लिए भेजकर शुभ्मन गिल ने वनडे में 1000 रन पूरे कर लिए। शॉट्स तो बहुत सारे लगे, लेकिन ब्रेसवेल के 43वें ओवर की चौथी गेंद को स्टेप आउट कर डीप मिडविकेट बाउंड्री के बाहर छक्का मारकर गिल ने अपने 150 रन पूरे किए। यह शॉट बताने के लिए काफी था कि शुभ्मन गिल किस खतरनाक फॉर्म में चल रहे हैं। यह टॉप क्लास बैट्समैन का टॉप क्लास शॉट था।
इसके बाद टीम इंडिया ने वाशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर का विकेट गंवा दिया लेकिन शुभ्मन गिल ने छक्कों की बौछार कर अपने 200 रन पूरे कर लिए। टिकनर के 48वें ओवर की दूसरी धीमी गेंद लॉन्गऑन बाउंड्री के ऊपर से छक्के के लिए गई। चौथी गेंद शॉर्ट पिच और टप्पा खाते ही डीप मिडविकेट स्टैंड में। फर्ग्यूसन के 49वें ओवर की पहली गेंद फाइन लेग बाउंड्री में छक्के के लिए। दूसरी गेंद यॉर्कर के प्रयास के दौरान स्लॉट में और शॉट सीधा स्टेडियम के बाहर वाले प्लॉट में। गिल यहीं नहीं थमे और ओवर में लगातार तीसरी गेंद को लॉन्ग ऑफ बाउंड्री के ऊपर से छक्के के लिए भेज कर अपना पहला दोहरा शतक पूरा कर लिया।

Related Articles

Leave a Comment